सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये की हेरोइन बरामद
सिरसा, 08 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। शहर थाना प्रभारी ने शनिवार को बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम गश्त पर थी। पुलिस को सिरसा के सरकारी अस्पताल के नजदीक एक स्कार्पियो गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस को देखकर स्कार्पियो चालक ने गाड़ी वापस मोड़ ली भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक होने पर स्र्कोपियो को जांच के लिए रोका। गाड़ी में चार युवक सवार थे। तलाशी लेने पर गाड़ी से 68 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिरसा जिला निवासी कुनाल, दीपक, शिवा व रोहित के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल ने गांव रघुआना क्षेत्र से एक युवक को नौ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिरसा जिला निवासी हुशनप्रीत के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ थाना बड़ागुढ़ा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीआईए कालांवाली पुलिस ने गांव कालांवाली क्षेत्र से आरोपी स्वराज सिंह को काबू कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma