सिरसा: विश्व कप के बाद अब एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप के लिए चुने गए राजिंद्र सिंह

 


सिरसा, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव संतनगर के हॉकी खिलाड़ी राजिंद्र सिंह ने एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। राजिंद्र का चयन पहले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप-2026 और उसके बाद जापान में होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होने की खबर मिलते ही संतनगर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने इसे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया।

विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा, जहां राजिंद्र भारतीय टीम की ओर से मैदान में उतरेंगे। इसके बाद 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक जापान में आयोजित होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप में भी वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। लगातार दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए चयन ने उनके खेल करियर को नई ऊंचाई दी है।

राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि वर्ष 2009 में शुरू हुआ उनका हॉकी सफर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। शुरूआती दिनों से ही राजिंद्र ने अनुशासन और मेहनत को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया। जूनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई और फिर हॉकी इंडिया लीग में बेहतरीन खेल दिखाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसी निरंतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली।

कोच हरविंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि राजिंद्र विश्व कप और एशियन गेम्स, दोनों प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगे। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम में प्रदेश के पांच खिलाडिय़ों को जगह मिली है। इनमें सिरसा के राजिंद्र सिंह, हिसार के संजय तथा सोनीपत के जसदीप, सुमित और अभिषेक शामिल हैं। कोच हरविंद्र सिंह ने बताया कि जीवन नगर स्थित नामधारी संस्था के सतगुरु उदय सिंह जी युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma