डबवाली स्टेडियम का जल्द शुरू हाेगा निर्माण,एक करोड़ का एस्टीमेट तैयार

 


चंडीगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के डबवाली के गुरु गोबिंद सिंह खेल परिसर को लेकर विधानसभा में उठे सवालों के बाद सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम से जुड़ी कोई जांच लंबित नहीं है और इसके सुधारीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने सदन में कहा कि स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक को लेकर दो बार मुख्यमंत्री घोषणा कर चुके हैं, लेकिन पिछले 12 वर्षों में एक रुपया भी खर्च नहीं हुआ।

उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते नशे की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यदि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो उन्हें सकारात्मक दिशा कैसे मिलेगी। उन्होंने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री स्वयं डबवाली में दौड़ लगाकर गए थे, इसलिए घोषणाओं को धरातल पर उतारा जाना जरूरी है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जवाब देते हुए कहा कि स्टेडियम से संबंधित कोई जांच लंबित नहीं है।

जिला खेल अधिकारी ने एक करोड़ रुपये का अनुमान तैयार कर भेजा है, जिसे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) को अग्रेषित कर दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। मंत्री ने बताया कि सिरसा जिले में शहीद भगत सिंह खेल परिसर, चौधरी दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम सहित डबवाली और चौटाला में उपमंडल स्तरीय स्टेडियम संचालित हैं। जिले में 50 खेल नर्सरियां और 21 प्रशिक्षक कार्यरत हैं। सरकार का दावा है कि युवाओं को खेलों से जोडऩे के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा