सोनीपत में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियां पूरी

 




सोनीपत, 26 मई (हि.स.)। सोनीपत

में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को लेकर बैठक की अध्यक्षता

एडीसी अजय चोपड़ा ने की। इसमें निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी,

विभिन्न विभागों के अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

एडीसी

अजय चोपड़ा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियुक्त बूथ

लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 5 से 10 जून तक पूरा करवाया जाए। प्रशिक्षण

पूरा होने के बाद प्रमाण-पत्र निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाने के भी निर्देश दिए

गए। मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे जिम्मेदारी और गंभीरता

से पूरा किया जाए। अधिकारियों को राजनीतिक दलों के साथ बैठकें करने और उनकी भागीदारी

सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी कार्यालयों में कॉल सेंटर स्थापित

करने को कहा गया, ताकि मतदाताओं की समस्याओं और शंकाओं का तुरंत समाधान हो सके।

बैठक

में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि जिन क्षेत्रों में अभी तक बूथ

लेवल एजेंट नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां जल्द नियुक्ति कर उसकी प्रति संबंधित कार्यालय

में जमा करवाई जाए।

एडीसी

ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे।

इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण और जरूरी संशोधन किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी

और जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि एसआईआर कार्य में किसी तरह

की लापरवाही न बरती जाए। स्कूलों और संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां और प्रतियोगिताएं

आयोजित की जाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सरकारी और निजी अस्पतालों

में मरीजों के कार्ड पर एसआईआर कार्यक्रम और हाउस टू हाउस सर्वे की तिथि की मोहर लगाई

जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना