हांसी में दो जगह आग से लाखों का नुकसान, हार्डवेयर शोरूम का सामान जलकर राख
घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा भी आग की भेंट चढ़ी,
चालक के सामने रोजी-रोटी का संकट
दमकल की दो गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के
बाद शोरूम की आग पर पाया काबू
हांसी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में मंगलवार रात
आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। तोशाम चुंगी के पास
गर्ग अस्पताल के सामने स्थित श्री श्याम हार्डवेयर एंड सेनेटरी स्टोर में भीषण आग लगने
से शोरूम में रखा हार्डवेयर और सेनेटरी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, कृष्णा
कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी एक ई-रिक्शा भी आग की भेंट चढ़ गई। दोनों घटनाओं की सूचना
मिलने पर दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने
के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आग की पहली घटना तोशाम चुंगी के समीप गर्ग अस्पताल
के सामने स्थित श्री श्याम हार्डवेयर एंड सेनेटरी स्टोर में हुई। शोरूम संचालक गांव
ढाणी ठाकरिया निवासी अंकुश ने बताया कि वह मंगलवार शाम को शोरूम बंद करके घर चला गया
था। रात करीब 12 बजे राहगीरों ने उसे फोन कर दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। सूचना
मिलते ही अंकुश मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग तथा पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी
दी। इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू
किया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चार्जिंग से हटाने के बाद ई-रिक्शा में लगी आग
आग की दूसरी घटना कृष्णा कॉलोनी में हुई, जहां
घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा अचानक आग लगने से पूरी तरह जल गई। ई-रिक्शा चालक जितेंद्र
ने बताया कि उसने मंगलवार रात करीब 12:30 बजे ई-रिक्शा को चार्जिंग से हटाया था। इसके
बाद रात करीब डेढ़ बजे अचानक उसमें आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग
की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई, लेकिन तब तक ई-रिक्शा पूरी तरह जल चुकी थी। हालांकि,
समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के घरों को नुकसान होने से बचा लिया गया। जितेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार में अकेले
कमाने वाले हैं और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ई-रिक्शा ही उनकी
आजीविका का मुख्य साधन थी। वाहन जल जाने से उनके सामने परिवार का खर्च चलाने का संकट
खड़ा हो गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर