हिसार : मंगाली कॉलेज में विद्यार्थियों ने गायन-नृत्य समेत विभिन्न विधाओं में दिखाई प्रतिभा
प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र
व पुरस्कार देकर किया सम्मानित
इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण
: डॉ. अंजू चौधरी
हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय मंगाली में विद्यार्थियों की
छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिभा खोज कार्यक्रम
2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार काे महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजू
चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, कविता पाठ और भाषण
सहित विभिन्न विधाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा
कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत केवल उसे पहचानकर
उचित मंच प्रदान करने की है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है
और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं संयोजन ज्योति बेनीवाल व प्रियंका ने किया। प्रतियोगिताओं
के निर्णायक मंडल में डॉ. सुदेश, डॉ. कमलप्रीत कौर, डॉ. विजेता, डॉ. मोनिका, सीमा,
मीनू, हिमांशु, दीपक, रवि और ज्योति शामिल रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले
विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम
में महाविद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आयोजन को
सफल बनाने में सहयोग दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर