हिसार में सीवर ओवरफ्लो हुआ तो विधायक व मेयर के बोर्ड लगाकर दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
सड़क पर भरा गंदा पानी, विधायक सावित्री जिंदल और मेयर प्रवीण पोपली के बैनर
लगाकर जताया रोष
हिसार, 18 जुलाई (हि.स.)। शहर के 12 क्वार्टर क्षेत्र में सीवरेज ओवरफ्लो होने
से सड़कें गंदे पानी से लबालब हो गईं। हालात से नाराज स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानें
बंद कर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने
सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच विधायक सावित्री जिंदल और मेयर प्रवीण पोपली के बैनर
लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और
राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों के बाहर जलभराव होने से ग्राहकों
की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ा। पैदल निकलना तक मुश्किल हो
गया और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई। स्थानीय निवासी सौरभ छाबड़ा ने बताया कि सुबह
अचानक सीवर ओवरफ्लो हो गया, जिससे पूरे 12 क्वार्टर क्षेत्र की सड़क पर गंदा पानी भर
गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और एमसी महाजन को तुरंत सूचना
दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में प्रशासन
के प्रति नाराजगी और बढ़ गई।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से बारिश नहीं हुई है, इसके
बावजूद सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उनका आरोप है कि यदि तेज बारिश हो जाए
तो पूरे क्षेत्र में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने नगर निगम पर
समय रहते सीवरेज व्यवस्था की मरम्मत नहीं कराने का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के कई सीवरेज मैनहोल और लाइनें लंबे समय
से जर्जर हालत में हैं। उनका कहना है कि सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से दुर्घटना
और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सीवरेज व्यवस्था
को तत्काल दुरुस्त करने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा लापरवाही बरतने
वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर