सोनीपत:पैसों के लेनदेन में दुकानदार की हत्या, पिता-पुत्र पर हत्या का मामला दर्ज

 


सोनीपत, 17 जून (हि.स.)। सोनीपत

जिले के राई क्षेत्र में परचून की दुकान पर सामान के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने एक

व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि सामान खरीदने आए पिता-पुत्र ने दुकानदार के साथ मारपीट

की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के

खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में बुधधार काे मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस

को दी शिकायत में गांव जठेड़ी निवासी नीलम ने बताया कि बीती शाम वह अपने पति राजेश

के साथ अपनी परचून की दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान रामसेवक और उसका बेटा सामान लेने

के लिए दुकान पर पहुंचे। सामान लेने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों

के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर पिता-पुत्र ने राजेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है

कि दोनों ने राजेश को जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों

का कहना है कि आरोपियों ने उसके निजी अंग पर लात मारी तथा गर्दन पर भी हमला किया, जिससे

उसकी हालत गंभीर हो गई। मारपीट के दौरान राजेश बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत

उपचार के लिए सोनीपत स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद

उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना

के बाद मृतक की पत्नी नीलम की शिकायत पर थाना राई पुलिस ने रामसेवक और उसके बेटे के

खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की

जांच उपनिरीक्षक अशोक कर रहे हैं। पुलिस जनसंपर्क अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि

शिकायत के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच

की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना