हिसार : दिनदहाड़े दुकानदार से मारपीट व जान से मारने की धमकी, विराेध में थाना पहुंचे व्यापारी
थाने के सामने दुकान पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे
युवक, एक हिरासत में; व्यापारियों ने दी बाजार बंद करने की चेतावनी
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौंद में बदमाशों
के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि थाने के सामने पुराने बस स्टेंड स्थित एक दुकान पर
दिनदहाड़े पहुंचकर दुकानदार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के
बाद व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापार मंडल के प्रधान प्रदीप ढांडा के नेतृत्व
में व्यापारी थाना परिसर में पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर विरोध जताते
हुए सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
व्यापार मंडल प्रधान प्रदीप ढांडा, दुकानदार राकेश
कुमार, सोनू, जोगिंदर, संजय, प्रवीण, कश्मीर, सन्नी, हरीश कुमार, गोपाल, अमित आदि ने
बताया कि गुरुवार सुबह थाने के सामने पुराने बस स्टैंड पर राकेश कुमार की दुकान के बाहर
कुछ युवक एक मोटरसाइकिल चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। युवक मदद के लिए चिल्ला रहा
था। उसे बचाने के लिए वहां मौजूद कुछ लोग आगे आए, जिनमें राकेश कुमार भी शामिल था।
राकेश ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो युवकों ने उसके साथ भी बदतमीजी की और वहां
से चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक दोबारा राकेश
की दुकान पर पहुंचे। इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने दुकानदार को जान
से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और
एक युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जबकि अन्य युवक मौके से फरार हो गए।
घटना से नाराज व्यापारियों ने थाना परिसर में
पहुंचकर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों ने कहा कि थाने के
सामने दिनदहाड़े इस प्रकार की घटना होना गंभीर मामला है। उन्होंने सभी आरोपितों को
जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपितों को जल्द
गिरफ्तार नहीं किया गया तो बाजार बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना
सुबह की है और व्यापारी दोपहर में शिकायत देकर गए हैं। एक युवक को हिरासत में लिया
गया है। मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर