यमुनानगर:मोबाइल एक्सेसरी दुकान में आग, कर्मचारी युवती की दम घुटने से मौत

 


यमुनानगर, 03 मई (हि.स.)। यमुनानगर की शास्त्री कॉलोनी में रविवार सुबह मोबाइल एक्सेसरीज़ की दुकान में लगी आग में 28 वर्षीय महिला कर्मचारी शालिनी की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका हमीदा निवासी पिछले एक वर्ष से दूकान पर कंप्यूटर संबंधी कार्य देख रही थी। घटना के समय वह दुकान के भीतर मौजूद थी। सुबह अचानक दुकान में आग भड़क उठी, जिससे देखते ही देखते लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के कारण आग तेजी से फैल गई और शालिनी बाहर नहीं निकल सकी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग आंशिक रूप से नियंत्रित होने के बाद शालिनी को बाहर निकाला गया और तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवार में उसकी मां ही एकमात्र सदस्य है।

दुकान संचालक रमनदीप सिंह ने बताया कि दुकान में बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था, जिससे आग में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस आग लगने के कारणों और अन्य पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार