सोनीपत: शेखपुरा कबड्डी टूर्नामेंट-शेखपुरा और गुमड़ की टीमें संयुक्त विजेता घोषित

 


सोनीपत, 23 मार्च (हि.स.)। गन्नौर

के गांव शेखपुरा के खेल स्टेडियम में जन सेवा समिति द्वारा आयोजित एक दिवसीय नेशनल

स्टाइल (70 किग्रा) कबड्डी टूर्नामेंट खेल भावना और रोमांच के साथ सोमवार को संपन्न हुआ। फाइनल

मुकाबले के दौरान मौसम खराब होने और बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा, जिसके चलते आयोजकों

ने मेजबान शेखपुरा और गुमड़ की टीम को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता

में क्षेत्र की 40 टीमों ने हिस्सा लिया और जीत के लिए जमकर पसीना बहाया।

टूर्नामेंट

के सेमीफाइनल मैचों में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। पहले सेमीफाइनल में गुमड़ की टीम

ने पानीपत को 16-10 के अंतर से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे कड़े मुकाबले

में मेजबान शेखपुरा ने कुराड़ की टीम को महज एक अंक के अंतर से 6-5 से पराजित किया। टूर्नामेंट

में गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान के छोटे भाई समाजसेवी वीरेंद्र कादियान ने मुख्य

अतिथि के तौर पर शिरकत की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कादियान ने कहा कि खेल केवल

हार-जीत का माध्यम नहीं है, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का संचार करते

है। आज के दौर में जब युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंस रही है, ऐसे में खेल ही वह रास्ता

है जो उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बना सकता है। उन्होंने विजेता टीमों व

खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पहले ग्रामीण और आयोजन समिति द्वारा

कादियान का फूलमाला व पगड़ी से स्वागत किया। समापन पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया

गया। इस अवसर पर वजीर फौजी, संदीप कोच, मास्टर अजय यादव, सोनू, अनुपम रापडिया, प्रवीन,

गौरव त्यागी वकील, मोहित पहल, बह्मा पहलवान, सीता पुरखास आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना