हिसार : जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा शीतल ने हासिल किया प्रथम स्थान
हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अणुव्रत क्रिएटिविटी
कॉन्टेस्ट की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी
स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा शीतल ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन
करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक
भाग लिया। प्रतियोगिता में निबंध, भाषण, कविता, चित्रकला एवं गायन सहित विभिन्न विधाओं
में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट द्वारा विद्यार्थियों
की प्रतिभा को निखारने, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रप्रेम
और पारिवारिक मूल्यों की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं
का आयोजन किया जाता है। इनके द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए गायन, चित्रकला,
भाषण, कविता एवं निबंध जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, जिनके माध्यम से
विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक एवं अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता
है।प्रतियोगिता में ‘हमारी ताकत—हमारा परिवार’ जैसे विषयों के
माध्यम से परिवार, संस्कार, भारतीय संस्कृति, आपसी सहयोग और सामाजिक मूल्यों को प्रमुखता
दी जाती है। शीतल की शानदार उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षिकाओं द्वारा
उसे बधाई दी गई। प्रधानाचार्या
श्रीमती हेमा चावला ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के
लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता,
संस्कार एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर