हिसार : पर्यावरण संरक्षण समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व : डॉ. अशोक गोदारा
‘एक वृक्ष-एक कार्यकर्ता’ अभियान प्रकृति के
प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प : शिवम पांडेय
अभाविप के स्थापना दिवस पर ‘एक वृक्ष-एक कार्यकर्ता’ अभियान, पर्यावरण संरक्षण
का लिया संकल्प
हिसार, 11 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें
स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के अभाविप-एग्रीविज़न की ओर से शनिवार काे ‘एक वृक्ष-एक कार्यकर्ता’ अभियान के तहत वृक्षारोपण
कार्यक्रम आयोजित किया गया। हकृवि के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं
शिक्षा संस्थान व अन्य स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे
लगाए गए।
हौटा अध्यक्ष डॉ. अशोक गोदारा ने इस अवसर पर कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की
रक्षा नहीं करते, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी यदि अपने जीवन
में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ
और हरित वातावरण मिल सकेगा। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक
नागरिक का साझा दायित्व है। विद्यार्थी परिषद का यह अभियान युवाओं को प्रकृति के प्रति
अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
एग्रीविज़न के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवम पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि ‘एक वृक्ष-एक
कार्यकर्ता’ केवल एक अभियान नहीं,
बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है। अभाविप विद्यार्थियों को सामाजिक
सरोकारों से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने का कार्य निरंतर
करती रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक गोदारा के अलावा फार्म निदेशक डॉ. ओपी बिश्नोई, सीएसओ
सुखबीर सिंह, एग्रीविज़न के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवम पांडेय, प्रांत संयोजक अंकित,
सह-संयोजक रोहित विश्नोई, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष मनोज सैनी, अभिषेक राजपूत सहित
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके
संरक्षण का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर