हरियाणा के राज्यपाल के निजी सचिव शंख चटर्जी पद से मुक्त
चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के निजी सचिव (प्राइवेट सेक्रेटरी) शंख चटर्जी को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। चटर्जी की नियुक्ति को लेकर पहले से ही चर्चाएं होती रही थीं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उनके कामकाज में कथित अनियमितताओं से संबंधित शिकायतें सरकारी एजेंसियों के संज्ञान में आई थीं और उनकी भूमिका की जांच की जा रही थी।
राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि शंख चटर्जी को तत्काल प्रभाव से हरियाणा के राज्यपाल के निजी सचिव के पद से मुक्त किया जाता है।
दरअसल, शंख चटर्जी जुलाई 2025 में प्रो. असीम कुमार घोष की हरियाणा के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के बाद उनके कार्यालय से जुड़े थे। उन्होंने 23 अक्टूबर 2025 को राज्यपाल के निजी सचिव का पद संभाला था।
हालांकि, राज्यपाल के सचिव एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि चटर्जी ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया था। इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें पद से मुक्त किया गया।
चटर्जी को पद से हटाए जाने की कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब उनकी नियुक्ति और कार्यशैली को लेकर पहले से ही सवाल उठाए जाते रहे थे। हालांकि, आधिकारिक तौर पर उन्हें पद से मुक्त किए जाने का कारण निजी कारणों से दिया गया इस्तीफा बताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा