सोनीपत: सेवा के 25 वर्षों का संकल्प, विकसित भारत का लक्ष्य: डॉ. अरविंद शर्मा
-विकसित भारत के संकल्प के साथ सेवा
ज्योति यात्राएं रवाना
सोनीपत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के
25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय विकसित
भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने सेवा ज्योति यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर गोहाना, खरखौदा,
गन्नौर और कुंडली के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम
को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह
सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के
सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। उनकी कार्यशैली
में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसेवा को
प्राथमिकता दी गई है। सेवा ज्योति यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण,
किसान हित और विकसित भारत के संकल्प को घर-घर पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं
से यात्राओं के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी
देने का आह्वान किया।
मंत्री
ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि नागरिकों
को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं मिलें। कागजरहित पंजीकरण और स्वचालित इंतकाल जैसी
डिजिटल व्यवस्थाओं से सरकारी प्रक्रियाएं आसान हुई हैं और पारदर्शिता बढ़ी है। उद्देश्य
यह है कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें
और पात्र व्यक्ति को समय पर योजना का लाभ मिले।
उन्होंने
कहा कि सोनीपत वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है। जींद-सोनीपत मार्ग पर हाइड्रोजन
ट्रेन सहित आधुनिक परिवहन और औद्योगिक विकास से जिले की संभावनाएं बढ़ रही हैं। सोनीपत,
गोहाना, गन्नौर, खरखौदा और राई में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। खरखौदा
में औद्योगिक विकास से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
खरखौदा
विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित
यह कार्यक्रम वर्तमान के साथ भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने क्षेत्र
में औद्योगिक और आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सेवा ज्योति
यात्रा का संदेश आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राई
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि 25 वर्ष के सेवा काल में सड़क, रेल, डिजिटल सेवाओं,
स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए अवसरों सहित विभिन्न क्षेत्रों
में विकास कार्य आगे बढ़े हैं। योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका
लाभ जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
सोनीपत
विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण
अवसर है। इस दौरान देश और सोनीपत में अनेक विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। सड़क,
रेल और आधारभूत ढांचे के विकास से क्षेत्र की संभावनाएं बढ़ी हैं। सेवा ज्योति यात्रा
के माध्यम से सेवा, विकास और जनकल्याण का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम
में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक पवन खरखौदा का जन्मदिन भी मनाया।
केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। पवन खरखौदा ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि साथियों
और कार्यकर्ताओं के बीच जन्मदिन मनाया जाना उनके लिए आत्मीयता का अवसर है। सेवा ज्योति
यात्रा सोनीपत के लिए स्वर्ण जयंती पार्क, खरखौदा के लिए लघु सचिवालय, राई के लिए एचएसआईआईडीसी
कुंडली कार्यालय और गन्नौर के लिए गन्नौर रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुई। गोहाना की
यात्रा का समापन फव्वारा चौक पर हुआ।
कार्यक्रम
में मेयर राजीव जैन, पूर्व मंत्री कविता जैन, डॉ. रीटा शर्मा, मीना चौहान, उपायुक्त
नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नीरज चौपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, जिला परिषद के मुख्य
कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, पूर्व विधायक निर्मल चौधरी, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका
दहिया, नगर परिषद गोहाना चेयरपर्सन रजनी विरमानी, भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक व प्रदीप
सांगवान, जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला
महामंत्री नीरज कुमार ठरू व तरुण देवीदास, बबीता दहिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी,
कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना