सेवा संकल्प अभियान में युवाओं और विश्वविद्यालयों की होगी सक्रिय भूमिका:अर्चना गुप्ता

 


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा व पंजाब के राज्यपालों से की भेंट

चंडीगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भेंट की। इस दौरान उन्होंने सेवा संकल्प अभियान, युवाओं की सक्रिय सहभागिता, विश्वविद्यालयों को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से भेंट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से प्रदेश के युवाओं की अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सेवा और सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे के विषय पर चर्चा की गई।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला भी हैं। युवाओं में सेवा भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोडऩा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भेंट के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने सामाजिक सरोकारों, जनसेवा तथा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कटारिया के लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को भी सुना तथा विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। डॉ.अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रो. असीम कुमार घोष और गुलाब चंद कटारिया जैसे अनुभवी एवं वरिष्ठ जनसेवकों से संवाद सदैव नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उनका सार्वजनिक जीवन, व्यापक अनुभव तथा समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा