हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’:नायब सैनी
हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मंत्री,विधायक और आमजन बनाएंगे जन-अभियान
चंडीगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल आयोजन को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन तथा इनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग तथा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 23 जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा हरियाणा की प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 17 सितंबर की शाम प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों एवं आमजन के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाए तथा संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियान के दौरान कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए। मंत्रीगण, विधायक, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी इस जनजागरण अभियान से जोड़ा जाए। ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सडक़ों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना और सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा