नूंह में रिश्वत लेते जिला कल्याण कार्यालय का सेवादार गिरफ्तार
नूंह, 25 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) चरखी दादरी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को जिला कल्याण कार्यालय नूंह में तैनात ग्रुप-डी कर्मचारी को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो कार्यालय में सेवादार के पद पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि मुकेश कुमार उसकी और उसके मित्रों की वृद्धावस्था पेंशन लगवाने के एवज में 9 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इंस्पेक्टर फतेह सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने राजपत्रित अधिकारी और शैडो विटनेस की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 9 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी के अनुसार ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया