पलवल में सड़क हादसों की श्रृंखला: ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, छह लोग घायल
पलवल, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहला हादसा बिघावली गांव में सामने आया। गांव निवासी शक्तिमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता मदनलाल और माता पुष्पा देवी बस अड्डे से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर-टैंकर और एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। तभी तेज गति से आ रहे पानी से भरे ट्रैक्टर-टैंकर ने पुष्पा देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा खांबी-बामनीखेड़ा मार्ग पर हुआ। खांबी गांव निवासी सुनील ने शिकायत दी कि वह अपने पड़ोसी विष्णु के साथ मोटरसाइकिल पर सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
तीसरी घटना होडल क्षेत्र में सामने आई, जहां सौंध गांव निवासी जितेंद्र अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पुन्हाना मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कैंप थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में हरी नगर निवासी कुलदीप और योगेंद्र भी मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर लिए हैं और फरार वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल व्यक्तियों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जबकि मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग