नूंह में सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती ने की आत्महत्या
नूंह, 20 मई (हि.स.)। नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती ने आत्महत्या कर ली। पीड़ित परिवार ने गांव के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 18 मई की रात पीड़िता के पिता किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में उस समय युवती और उसकी मां मौजूद थीं। आरोप है कि देर रात कुछ युवक जबरन घर में घुस आए। एक युवक बाहर निगरानी करता रहा, जबकि अन्य आरोपियों ने युवती के साथ जबरदस्ती की। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने घटना के दौरान युवती के फोटो और वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। परिवार का आरोप है कि इसी दबाव और बदनामी के डर से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान मामले की सूचना पुलिस दी गई। परिजन युवती को दूसरे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर थाना बिछोर के एसएचओ राजबीर ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवती के शव का बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया