हिसार में आयोजित कृषि मेले में छह राज्यों से पहुंचे लगभग डेढ़ लाख किसान

 


मेले में 3.54 करोड़ रुपये के बीज व अन्य उत्पाद बिके

रबी फसलों के प्रमाणित बीजों की 3.51 करोड़ रुपये की बिक्री

हिसार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय

कृषि मेला रबी किसानों की भारी भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। मेले में हरियाणा, राजस्थान,

पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से एक लाख

46 हजार किसानों ने शिरकत की। किसानों ने उन्नत किस्मों के बीज, आधुनिक कृषि विधियों,

सिंचाई यंत्रों, कृषि मशीनरी और अन्य तकनीकों की जानकारी हासिल की। मेले के दौरान कुल

3 करोड़ 54 लाख 3 हजार 910 रुपये के बीज, कृषि साहित्य और अन्य उत्पादों की बिक्री

हुई।

संयुक्त निदेशक विस्तार डॉ. कृष्ण यादव ने शुक्रवार को बताया कि किसानों ने

तीन करोड़ 51 लाख 71 हजार 300 रुपये के रबी फसलों के प्रमाणित बीज, फलदार पौधे और सब्जियों

के बीज खरीदे। इसके अलावा तीन लाख 29 हजार रुपये के जैव उर्वरक तथा 38 हजार रुपये के

कृषि साहित्य की बिक्री हुई। किसानों ने मिट्टी एवं पानी जांच सेवा का भी लाभ उठाया।

मेले के दौरान 771 मिट्टी एवं पानी के नमूनों की जांच की गई, जबकि 58 हजार रुपये के

टिश्यू कल्चर पौधे भी किसानों ने खरीदे।

कृषि-औद्योगिक प्रदर्शनी मेले में किसानों के आकर्षण का विशेष केंद्र रही।

इसमें कुल 350 स्टॉल लगाए गए थे, जहां कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न तकनीकों और उत्पादों

की जानकारी किसानों को दी गई। मेले के अंतिम दिन बीज बिक्री केंद्रों और स्टॉलों पर

किसानों की भारी भीड़ रही। प्रश्नोत्तरी सत्र में किसानों और वैज्ञानिकों के बीच कृषि

संबंधी विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा

देने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर