सिरसा की सांसद ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर दिखाई नाराजगी
फतेहाबाद, 21 मई (हि.स.)। जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की गुरुवार को यहाँ आयोजित बैठक में सांसद कुमारी सैलजा ने कई अधिकारियों की जमकर खिंचाई की। उन्होंने अधिकारियों से लंबे समय लटकती चली विकास योजनाओं के बारे पूरी जानकारी ली। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट खर्च और लाभार्थियों तक पहुंच को लेकर रिपोर्ट ली। बैठक में सांसद कुमारी सैलजा ने नगर परिषद के एमई को चिल्ली झील के मुद्दे को लेकर जमकर खिंचाई की । उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था और अधूरे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया। नगर परिषद अधिकारियों ने कुछ कार्यों के लंबित रहने का कारण जमीन संबंधी मामला कोर्ट में विचाराधीन होना बताया।
सांसद ने कहा कि यदि नए कार्य किसी कारणवश शुरू नहीं हो पा रहे हैं तो पहले से पूरे हो चुके कार्यों की सफाई और रखरखाव क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने अपने मोबाइल फोन में 20 मई के ताजा फोटो दिखाते हुए अधिकारियों से कहा कि शहर की वास्तविक स्थिति किसी से छिपी नहीं है और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को भी कार्यों में लापरवाही को लेकर खरी-खरी सुनाई और निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा