हिसार: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों का ओजी इंडिया पैकेजिंग में चयन
52 विद्यार्थियों ने लिया प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा
प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के चार और पैकेजिंग के दो विद्यार्थियों को मिली नौकरी
हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के छह विद्यार्थियों का ओजी इंडिया पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड में चयन हुआ है। विश्वविद्यालय
के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में
कुल 52 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से छह ने चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी
की।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने मंगलवार काे चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय
उद्योगोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ विभिन्न शैक्षणिक विषयों के विद्यार्थियों
को रोजगार और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों
को अपनी व्यावसायिक क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने और संबंधित संस्थान में योगदान देने
के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने उद्योगों
और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों
के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रयासों
की सराहना की।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कंपनी की टीम ने विद्यार्थियों के लिए प्री-प्लेसमेंट
प्रस्तुति भी दी। टीम का नेतृत्व कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक नवीन ने किया। वह विश्वविद्यालय
के प्रिंटिंग विभाग के वर्ष 2000 बैच के पूर्व विद्यार्थी हैं। उनके साथ कंपनी के मानव
संसाधन प्रबंधक वनीश यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली,
परिचालन गतिविधियों, कार्य संस्कृति, करियर में उन्नति के अवसरों और चयन प्रक्रिया
की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को कंपनी प्रतिनिधियों से संवाद कर उद्योग जगत की
कार्यशैली और व्यावसायिक अपेक्षाओं को समझने का अवसर भी मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर