हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के 11 एमबीए विद्यार्थी बायबिज इंफ्रा एलएलपी में चयनित

 


ऑन-कैंपस प्लेसमेंट से बढ़ी छात्रों की उम्मीदें

हिसार, 16 जुलाई (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर कैंपस प्लेसमेंट में अपनी प्रतिभा का

शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित

ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में बायबिज इंफ्रा एलएलपी ने एमबीए के 11 विद्यार्थियों

का चयन किया है। इस सफलता से विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में एक और उपलब्धि

जुड़ गई है।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार काे चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा

कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व

क्षमता और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल भी सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि बायबिज इंफ्रा एलएलपी जैसी प्रतिष्ठित

कंपनी द्वारा 11 विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशिक्षण

व्यवस्था और उद्योग जगत के साथ मजबूत तालमेल का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त

किया कि चयनित विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय

का नाम और अधिक ऊंचा करेंगे।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए

कहा कि उनकी सफलता मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों

से भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने कौशल को लगातार निखारने का आह्वान किया।

प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान बायबिज इंफ्रा एलएलपी की एचआर प्रबंधक सुश्री

मेघा ने प्री-प्लेसमेंट सत्र में विद्यार्थियों को कंपनी के विजन, कार्य संस्कृति,

बिजनेस मॉडल, करियर ग्रोथ और भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में कुल

24 एमबीए विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट प्रेजेंटेशन,

ग्रुप डिस्कशन और व्यक्तिगत साक्षात्कार के विभिन्न चरण शामिल थे। सभी चरणों में बेहतर

प्रदर्शन करने वाले 11 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों

को रोजगार के उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराने के लिए बायबिज इंफ्रा एलएलपी की भर्ती टीम

का आभार व्यक्त किया तथा हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक एवं विभागीय ट्रेनिंग एंड

प्लेसमेंट समन्वयकों के सहयोग की सराहना की।

सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों

में एमबीए हेल्थकेयर से नितिश मलिक, एमबीए मार्केटिंग से रिंकू, विश्वास और मानव शर्मा,

एमबीए फाइनेंस से प्रतिभा चौधरी तथा एमबीए जनरल से मोहित कुमार, साहिल बिश्नोई, रविकांत,

अमनदीप, वंशिका और रिया शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर