सोनीपत: प्रताप स्कूल के विद्यार्थियों ने सिनर्जी-2026 में तीसरा स्थान हासिल किया

 




सोनीपत, 23 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत एसजीटी यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता सिनर्जी-2026

में खरखौदा के प्रताप सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार

प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में स्कूल के ओजस, तन्मय और

अर्जुन ने एग्रो रोबोट तैयार कर अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार का परिचय

दिया। उनके प्रोजेक्ट को निर्णायक मंडल ने सराहा और टीम को तीसरे स्थान के लिए ट्रॉफी

व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में स्कूल की अक्षिता, जिया और दीया

ने भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

स्कूल पहुंचने पर सभी विद्यार्थियों का प्रधानाचार्या दया

दहिया, अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया, अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी मनजीत चौहान, सोमबीर

आर्य, विज्ञान अध्यापिका नेहा और स्कूल स्टाफ ने स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों

को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधानाचार्या दया दहिया ने

कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का

परिणाम है। स्कूल में पढ़ाई के साथ खेल, विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को भी महत्व दिया

जाता है। विद्यार्थियों को अटल टिंकरिंग लैब सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही

हैं, ताकि वे अपनी रचनात्मक सोच को नए प्रयोगों के जरिए आगे बढ़ा सकें।

अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि आज के समय में केवल

किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, समस्या का समाधान

खोजने की क्षमता और टीम भावना विकसित करना भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से उन्हें

अपनी प्रतिभा दिखाने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है। विजेता विद्यार्थियों

ओजस, तन्मय और अर्जुन ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन

को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रोत्साहन और लगातार अभ्यास के अवसर मिलने से

उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना