हिसार : मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यीकरण पुरस्कार में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बालक प्रथम

 


हिसार, 21 मार्च (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र

में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले के बरवाला खंड के गांव बालक स्थित पीएम श्री राजकीय

वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने जिला स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यीकरण

पुरस्कार में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि

के तहत विद्यालय को एक लाख रुपए की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।

विद्यालय के प्राचार्य रमेश यादव ने शनिवार काे बताया कि

यह पुरस्कार शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, नवाचार एवं

समग्र विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। इस वर्ष जिले

के सभी 9 खंडों में से खंड स्तर पर विजेता रहे विद्यालयों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा

हुई, जिसमें पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बालक ने अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं

और नवाचारों के बल पर प्रथम स्थान हासिल किया। कमेटी सदस्यों ने भवन एवं फर्नीचर रखरखाव,

कार्यालय प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लैब व पुस्तकालय व्यवस्था, रसोई घर पानी व सफाई व्यवस्था,

मुख्य द्वार व चार दिवारी, खेल मैदान व खेल सामग्री का रखरखाव, पीने के पानी की स्वच्छता

और उपलब्धता, जल निकासी, जल संरक्षण व्यवस्था, प्रांगण के बगीचे व पौधों की स्थित,

विद्यार्थी अनुशासन व यूनिफॉर्म, मिड डे मिल पकाने व वितरण की व्यवस्था, विद्यालय के

लेख व पुस्तकालयों की व्यवस्था, प्रार्थना सभा की नियमितताएं, बिजली उपकरण व अग्रिशमन

यंत्र का रखरखाव, विद्यालय भवन में राज्य व राष्ट्र के मानचित्र व राष्ट्रगान आदि अनमोल

वचन का लेखन, शौचालय व सीवरेज व्यवस्था, कचरा निपटान आदि पहलुओं पर जांच की गई।

पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया अतिरिक्त उपायुक्त

विकास यादव की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा की गई। समिति ने विद्यालयों

का गहन निरीक्षण करते हुए स्वच्छ परिसर, हरियाली, छात्र-हितैषी वातावरण, दीवार लेखन,

स्मार्ट कक्षाओं, तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आधार पर मूल्यांकन किया। इन सभी

मानकों पर विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सम्मान प्राप्त किया। ग्राम पंचायत

सदस्यों, विद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि को टीमवर्क

और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पौधारोपण, आकर्षक

दीवार चित्रण एवं आधुनिक शिक्षण सुविधाओं को विकसित करने के लिए सभी ने मिलकर कार्य

किया, जिससे विद्यालय एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में उभरकर सामने आया है।

इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों,

अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी है। उन्होंने

आशा व्यक्त की कि यह विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा

और अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। विद्यालय प्रबंधन ने इस सम्मान के लिए शिक्षा

विभाग एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों

के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर