हांसी : सीवरेज की शिकायत पर भड़के एसडीएम, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को थमाया नोटिस
हांसी कोर्ट-क्षेत्र की समस्याओं पर भी सुनवाई,
गलत मोबाइल नंबर से अटका था दिव्यांग पेंशन का आवेदन, मौके पर हुआ ठीक
हांसी, 20 अगस्त (हि.स.)। यहां के जिला सचिवालय
में गुरुवार को लगे समाधान शिविर में सीवरेज व्यवस्था बारे आई शिकायत पर एसडीएम राजेश
खोथ का रुख सख्त नजर आया। उत्तम नगर के लोगों ने शिकायत की कि क्षेत्र में सीवरेज लाइनों
की सही तरीके से सफाई नहीं हो रही है। शिकायत सुनते ही एसडीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग
के अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति देखने के निर्देश दिए और लापरवाही पर संबंधित
एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसी दिन जवाब देने को कहा।
शिविर में एक के बाद एक स्थानीय समस्याएं सामने
आईं। गढ़ी गांव निवासी सरजीत अपने बेटे की दिव्यांग पेंशन बनवाने के लिए आवेदन लेकर
पहुंचे थे। आवेदन की जांच के दौरान पता चला कि मोबाइल नंबर में नौ ही अंक दर्ज थे।
एसडीएम ने मौके पर ही सही नंबर लेकर आवेदन दुरुस्त करवाया। उन्होंने कहा कि आवेदन में
छोटी सी गलती भी सरकारी योजना का लाभ लेने में अड़चन बन सकती है। शहर निवासी अशोक कुमार ने जगदीश कॉलोनी और मुल्तान
कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन लीकेज, सीवरेज के टूटे ढक्कनों और गलियों में अतिक्रमण
की शिकायत रखी। उन्होंने इन समस्याओं के कारण लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
दीपक शर्मा और टीकाराम ने हांसी से सैनीपुरा होते
हुए सिसाय और लोहारी गांव तक बस सेवा शुरू करवाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था
कि पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं होने से लोगों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को परेशानी
होती है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने जिला सचिवालय परिसर में आवेदन तैयार
करने वाले टाइपिस्टों को भी सावधानी बरतने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि आवेदन में
नाम, मोबाइल नंबर और अन्य विवरण दर्ज करते समय विशेष सावधानी रखी जाए। उन्होंने यह
भी स्पष्ट किया कि कोई भी नागरिक अपनी शिकायत साधारण कागज पर हाथ से लिखकर भी समाधान
शिविर में दे सकता है। इस दौरान तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान, नायब
तहसीलदार सुरेश कुमार, बीडीपीओ राज सिंह, नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी सहित विभिन्न
विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर