पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे प्रदेश के सैकड़ों स्कूल
शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद गैर-बोर्ड विद्यालयों को नहीं मिली राहत
चंडीगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा विद्यालयों को एक वर्ष की एक्सटेंशन प्रदान किए जाने के बाद प्रदेश के हाई एवं सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों के पोर्टल खोल दिए गए हैं,लेकिन जिन विद्यालयों में बोर्ड परीक्षाएं नहीं होनी हैं, वे अभी भी अपने पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
इस विषय पर प्रभावित विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने नीसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा के नेतृत्व में निदेशक मौलिक शिक्षा एवं निदेशक सेकेंडरी शिक्षा से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने तर्क दिया कि जब सरकार ने सभी विद्यालयों को एक वर्ष का विस्तार प्रदान कर दिया है और इन विद्यालयों की कोई बोर्ड परीक्षा भी नहीं है, तो इनके पोर्टल बंद रखे गए हैं।
कुलभूषण शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिन बजट विद्यालयों के पास स्थायी मान्यता नहीं है, उनके लिए शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सीटें दर्शाना अनिवार्य नहीं है। नियमानुसार आरटीई सीटों का प्रावधान स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए है। अस्थायी मान्यता अथवा बिना मान्यता वाले विद्यालयों पर ऐसी शर्त लागू करना तर्कसंगत नहीं है। इसी आधार पर पिछले वर्ष लगाए गए जुर्माने भी अनुचित थे और वर्तमान में पोर्टल बंद रखना भी न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने बताया कि निदेशक मौलिक शिक्षा और निदेशक सेकेंडरी शिक्षा ने विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत किए गए तर्कों को उचित माना और इस विषय में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। शिक्षा मंत्री ने भी इस मामले में सकारात्मक आश्वासन दिया है।
कुलभूषण शर्मा ने सवाल उठाया कि जब शिक्षा मंत्री और दोनों निदेशालय विद्यालयों के पक्ष से सहमत हैं, तो फिर पोर्टल खोलने में अनावश्यक देरी क्यों की जा रही है? इस देरी से छोटे विद्यालयों में भय, असमंजस और अविश्वास का वातावरण पैदा हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा