सोनीपत: सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत तक पहुंचा : महीपाल ढांडा
-गन्नौर में शैक्षणिक उत्सव में विद्यार्थियों की प्रतिभा
सराही
24 अतिरिक्त कमरों के लिए नए भवन की घोषणा
सोनीपत, 13 नवंबर (हि.स.)। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों
से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। वर्ष 2013-14 में सरकारी
स्कूलों का परीक्षा परिणाम 32 से 38 प्रतिशत के बीच रहता था, जो अब बढ़कर 90 से 94
प्रतिशत तक पहुंच गया है। करीब 30 वर्षों बाद सरकारी स्कूलों की तस्वीर और शिक्षा व्यवस्था
में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य मौजूदा कार्यकाल में करीब 60
प्रतिशत सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करना है।
शिक्षा मंत्री शुक्रवार को गन्नौर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिक शैक्षणिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप
में पहुंचे थे। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई रंगोली
और शैक्षणिक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान संबंधी
जानकारी परखने के लिए प्रश्नोत्तरी गतिविधि भी करवाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में
विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। शिक्षा मंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित
भी किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से युवा संसद का आयोजन
किया गया। इसमें विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने रोजगार, पेट्रोल-डीजल
की बढ़ती कीमतों और एक देश-एक चुनाव जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष से सवाल पूछे। सत्ता
पक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने तर्कों के साथ जवाब दिए। शिक्षा मंत्री ने
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सवाल पूछने के तरीके और सामाजिक व राजनीतिक विषयों की
समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता,
तार्किक सोच, संवाद कौशल और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगबीर देशवाल ने शिक्षा मंत्री के
सामने 24 अतिरिक्त कमरों की मांग रखी। उन्होंने बताया कि नए कमरों का निर्माण होने
से विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या मौजूदा 1500 से बढ़ाकर 3000 तक की जा सकती
है। इस पर शिक्षा मंत्री ने विधायक देवेंद्र कादियान को विद्यालय का नक्शा तैयार करवाने
के निर्देश दिए और नए भवन के निर्माण की घोषणा की। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर
शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। गन्नौर के राजकीय
मॉडल संस्कृति विद्यालय में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और बेहतर शैक्षणिक माहौल
को देखते हुए नए भवन की जरूरत है। भवन बनने से क्षेत्र के अधिक बच्चों को अच्छी शिक्षा
का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, खंड शिक्षा अधिकारी
सुरजीत घणघस, खंड संसाधन समन्वयक आजाद दहिया, पूर्व पार्षद अंकित मल्होत्रा, रोहित
त्यागी, दिनेश अदलखा, शमशेर सैनी, वरुण जैन, तरुण कौशिक और पवन कुमार सहित विद्यालय
के शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना