हिसार : ट्रक के साइड दबाने पर सड़क किनारे पलटी बच्चों से भरी स्कूल बस
बांडाहेड़ी स्थित
सीडीएस पब्लिक स्कूल की थी बस, बस में सवार थे 38 बच्चे
बस पलटते ही बच्चों
में मची चीख पुकार
हांसी, 28 अप्रैल
(हि.स.)। सीसर खरबला से मुंढाल रोड पर बच्चों को स्कूल लेकर जा रही सीडीएस पब्लिक स्कूल
की बस सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। हादसे के समय बस में 38 बच्चे सवार थे। हादसे
के बाद सभी बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने
तुरंत दूसरी बस को मौके पर भेज बच्चों को स्कूल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों
के अनुसार बांडाहेड़ी स्थित सीडीएस पब्लिक स्कूल की बस मंगलवार सुबह सीसर खरबला गांव
से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी और जैसे बस बच्चों को सीसर खरबला से मुंढाल की
तरफ निकली तो नहर के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने अचानक साइड दबा दी। बस को ट्रक
की टक्कर से बचाने के लिए जैसे ही बस चालक ने बस को बाईं तरफ घुमाया तो सड़क किनारे
पर्याप्त जगह नहीं होने के चलते बस का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित बस सड़क से
नीचे उतरकर खेतों में पलट गई।
बस के पलटते ही
बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई और वे एक दूसरे पर जा गिरे। शोर सुनकर राहगीरों
व आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच, एक एक कर सभी बच्चों को
बस से बाहर निकाल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन
समिति टीम व अध्यापक मौके पर पहुंचे और बच्चों को दूसरी स्कूल बस से स्कूल भेजा।
मौके पर पहुंचे
स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य ने बताया कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी
भी बच्चे को को चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलने पर स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने भी
बच्चों को सुरक्षित देख राहत की सांस ली।
सड़क किनारे स्कूल
बस के पलटने की सूचना मिलते ही डायल 112 और बास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल
का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि स्कूल बस और
ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर