‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप अब एप्पल व गूगल प्ले स्टोर पर भी मिलेगा

 


-आमजन की मांग पर अब आईफोन उपभोक्ताओं को भी मिलेगी सुविधा

-भ्रष्टाचार की शिकायत घर बैठे दर्ज कराने की सुविधा

चंडीगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की महत्वपूर्ण पहल ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप अब एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लॉन्च किए गए इस ऐप को पहले केवल एंड्रॉयड उपयोगकर्ता इस्तेमाल कर सकते थे।

आमजन की मांग और आईफोन उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब इसे एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध करवाया गया है। इससे आईफोन और एंड्रॉयड दोनों उपयोगकर्ता आसानी से ऐप डाउनलोड कर भ्रष्टाचार से संबंधित सूचनाएं सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकेंगे और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकेंगे।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख ए.एस.चावला ने गुरुवार को बताया कि ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से नागरिकों को भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐप पर शिकायतकर्ता अपनी शिकायत का विवरण दर्ज करने के साथ उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। इससे शिकायत के साथ उपलब्ध साक्ष्य और संबंधित जानकारी सीधे ब्यूरो तक पहुंचाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि ऐप का उपयोग करना बेहद सरल है। नागरिक अपने मोबाइल फोन में एप्पल ऐप स्टोर या गूगल प्ले स्टोर से ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। शिकायतकर्ता अपनी समस्या का विवरण भरकर उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो या पीडीएफ दस्तावेज संलग्न कर सकते हैं। ऐप में गूगल लोकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे शिकायत से संबंधित स्थान की जानकारी साझा करने में मदद मिलती है।

ए.एस. चावला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से अमल कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप आमजन को भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी आवाज उठाने और सीधे ब्यूरो तक सूचना पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा