सिरसा: दसवीं के फर्जी प्रमाण पत्र पर सरपंच बनी महिला बर्खास्त
सिरसा, 26 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव चट्ठा की सरपंच वीरपाल कौर को बर्खास्त दिया गया है। बुधवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा ने यह कार्रवाई सरपंच की दसवीं कक्षा की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र सही नहीं पाए जाने के बाद की है। मामले में आदेश जारी करते हुए पंचायत का रिकॉर्ड, धनराशि और अन्य संपत्ति पंचायत के बहुमत वाले पंच को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सरपंच वीरपाल कौर की शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र की जांच के दौरान दसवीं का प्रमाण पत्र जाली पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सरपंच पद से हटाने के आदेश जारी किए।
ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला
जिले के गांव रोड़ी के प्राथमिक पाठशाला में टीचर को डेपुटेशन पर भेजे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। विभागीय अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद गेट को खोला गया। अभिभावकों ने टीचर को डेपुटेशन पर गांव कुरंगावाली के स्कूल में भेजे जाने का विरोध किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग पर डेपुटेशन पर भेजे गए टीचर को वापस रोड़ी स्कूल में भेजने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव रोड़ी के प्राथमिक पाठशाला में करीब दो सौ बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में टीचरों के सात पद स्वीकृत हैं, जिनमें से दो पद पहले से ही खाली है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma