कैथल: विदेशी नंबर से सरपंच को जान से मारने की धमकी, दो दिन में सरपंची छोड़ने की चेतावनी

 

कैथल, 09 नवंबर (हि.स.)। गांव बाकल के सरपंच नरेंद्र सिंह को विदेशी नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने सरपंच को दो दिन के भीतर सरपंची छोड़ने की चेतावनी देते हुए ऐसा नहीं करने पर हत्या करने की धमकी दी।

आरोपित ने खुद को एसके बाबा ग्रुप से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि उसे सरपंच की हत्या करने के लिए बड़ी रकम की सुपारी देने का ऑफर मिला है। धमकी के बाद सरपंच और उनका परिवार दहशत में है। सरपंच ने पूंडरी थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र सिंह ने बताया कि चार नवंबर को दोपहर करीब 12 बजकर 57 मिनट पर उनके मोबाइल पर अमेरिका के नंबर से कॉल आई थी। फोन उठाते ही दूसरी तरफ से व्यक्ति ने उन्हें गांव की सरपंची छोड़ने को कहा। आरोपित ने चेतावनी दी कि उनके पास केवल दो दिन का समय है। यदि इस अवधि में सरपंची नहीं छोड़ी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने खुद को एसके बाबा ग्रुप से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनकी हत्या करने के लिए बड़ी रकम की सुपारी देने का ऑफर आया है। उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि वे जो कहते हैं, वही करके दिखाते हैं। इसके बाद आरोपित ने फोन काट दिया।

इस घटना के बाद सरपंच नरेंद्र सिंह और उनका परिवार भयभीत है। सरपंच ने आशंका जताई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति या गिरोह के सदस्य उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेशी नंबर से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने, आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने और परिवार की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पूंडरी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सरपंच की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे