हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 13 सितंबर तक बढ़ी
अब तक सरकार ने बर्खास्त किए 73 कर्मचारी,एक हजार कर्मचारी काम पर लौटे
चंडीगढ़, 09 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में सफाई और सीवर कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच टकराव कम नहीं हो रहा है। शहरी निकाय विभाग ने बुधवार को फतेहाबाद के नौ और हिसार के एक कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में कार्रवाई की संख्या 73 बर्खास्त और 10 निलंबित कर्मचारियों तक पहुंच गई है। हालांकि सरकार की सख्ती के बीच करीब एक हजार कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। बुधवार को 473 कर्मचारियों के काम पर लौटने की रिपोर्ट शहरी निकाय निदेशालय को मिली है।
दूसरी ओर, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 13 सितंबर तक बढ़ा दिया है। कर्मचारियों का मुख्य विवाद करीब 13 हजार सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर है। सरकार कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा और अन्य सुविधाएं देने की बात कह रही है, जबकि यूनियन नियमितीकरण पर अड़ी है।
हड़ताल के दौरान प्रदेश के सभी 87 शहरों में शोक सभाएं आयोजित कर कुरुक्षेत्र के सफाई कर्मचारी रोहित और करनाल के सफाई कर्मचारी कुलदीप को श्रद्धांजलि दी गई। कर्मचारी नेताओं ने दोनों की मौत के लिए कथित सरकारी उत्पीड़न और पुलिस कार्रवाई को जिम्मेदार बताते हुए आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा