हाईकोर्ट पहुंचा सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का विवाद
चंडीगढ़, 22 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को नोटिस जारी करके स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में अगली सुनवाई 27 अगस्त को होगी।
हरियाणा में पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण प्रदेश भर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। प्रदेश सरकार के साथ हो रही बैठकों में कोई परिणाम नहीं आने के बाद सफाई कर्मचारी तीन-तीन दिन के लिए अपनी हड़ताल को आगे बढ़ा रहे हैं।
गोकुल सेतिया की याचिका पर सुनवाई में सरकारी वकील ने अपनी तरफ से दावा किया कि सफाई कर्मचारियों की सारी मांगें सरकार की तरफ से मान ली गई है। इसके जवाब में याची के वकील ने कोर्ट में गलत जानकारी देने का दावा किया। उन्होंने कहा कि कई शहरों में कचरे के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी कर अतिरिक्त मुख्य सचिव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग से लिखित में शपथ पत्र (एफिडिवेट) मांगा है। हाईकोर्ट ने कर्मचारियों की मांगों पर सरकार द्वारा लिए गए एक्शन की जानकारी भी मांगी है। अब इस केस की सुनवाई 27 अगस्त को होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा