कैथल: रेत से भरे ट्राले ने मां-बेटी को कुचला, मां की मौत
कैथल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के कस्बा ढांड में शुक्रवार सुबह सैर के लिए निकली मां-बेटी को रेत से भरे ट्राले ने कुचल दिया। हादसे में 21 वर्षीय पूजा की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद 18 माह की बेटी मानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की दोनों टांगें टूट गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।मृतका पूजा मूल रूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली थी और पिछले लंबे समय से अपने परिवार के साथ ढांड में रह रही थी। परिवार के अनुसार, करीब 50 साल से उनका परिवार ढांड में ही रह रहा है और सभी दस्तावेज भी यहीं के बने हुए हैं। पूजा का पति भरत अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता है।मृतका के देवर करण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे परिवार के सदस्य सैर करने के लिए निकले थे। पूजा अपनी 18 माह की बेटी मानवी को गोद में लेकर मुख्य सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान रेत से भरा एक ट्राला गलत दिशा में आता हुआ उनकी तरफ पहुंचा और मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। ट्राले का पहिया पूजा के ऊपर से निकल गया, जबकि उसकी गोद में मौजूद बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना डायल 112 पर दी गई। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस पहुंचने में भी देरी हुई। गंभीर रूप से घायल पूजा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं बच्ची मानवी की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पूजा की सास लीलन देवी ने बताया कि वह नियमित रूप से सुबह सैर के लिए जाती हैं। शुक्रवार को पहली बार उनकी बहू पूजा भी बच्चों के साथ उनके साथ सैर पर आई थी। उन्होंने बताया कि पूजा और बच्चे उनसे कुछ आगे चल रहे थे और वह पीछे थीं। इसी दौरान गलत दिशा से आए ट्राले ने पूजा और उसकी पोती को टक्कर मार दी।
लीलन देवी के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि उनकी आंखों के सामने ही बहू ने दम तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्राला चालक ने पहले भी साथ चल रहे अन्य बच्चों को चपेट में लेने की कोशिश की, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। सास ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया है। ढांड थाना पुलिस ने मृतका के देवर करण की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे