जींद : फर्जी दस्तावेजों पर बैंक से 15 लाख का लोन हड़पा
जींद, 05 सितंबर (हि.स.)। बैंक ऑफ महाराष्ट्र से फर्जी पहचान तथा दस्तावेजों के आधार पर 15 लाख रुपये का लोन ले कर हड़पने पर शहर थाना नरवाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी कागजातों का सहारा लेने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
बैक ऑफ महाराष्ट्र के मैनेजर सुरजीत कुमार ने बताया कि नरवाना निवासी अमित भांकुर के नाम से 10 लाख रुपये का कार लोन और पांच लाख रुपये का पर्सनल लोन का आवेदन किया था। जिसका लोन गत गत 27 अप्रैल 25 को स्वीकृत किया गया। दोनों लोन मिला कर कुल 15 लाख रुपये की राशि अमित भांकुर के खाते में जारी कर दी गई। लोन प्रक्रिया के दस्तावेजों में हिसार निवासी कुलवंत उसका गांरटर बना था। जिस के बाद आरोपित का लोन खाता एनपीए हो गया। बैंक कर्मी जब दस्तावेजों में दिए गए कार्यालय के पते हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड हिसार पहुंचे तो वहां पता चला कि अमित भांकुर नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नही है।
अमित भारती नाम का व्यक्ति जरूर कार्यरत है। दस्तावेजों में लगी पे स्लीप के बारे में पूछा तो बोर्ड ने अमित भांकुर के नाम से कोई वेतन पर्ची कार्यालय से जारी न होने की बात कही। जिससे साफ है कि अमित भांकुर ने पहचान छुपा कर अमित भारती के दस्तावेजों का दुरूपयोग कर 15 लाख रुपये का लोन हड़प लिया। जिस पर गत दस मार्च को संबंधित लोन खाते को फ्रॉड घोषित कर दिया गया।
शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी गुरपाल ने बताया कि नरवाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर अमित भांकुर तथा उसके गांरटर कुलवंत के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा