छात्रा मानसी ने नायब सिंह सैनी की रियलिस्टिक पेंटिंग बनाकर की भेंट, सीएम ने दिया आशीर्वाद

 


गुरुग्राम, 22 मार्च (हि.स.)। नौरंगपुर गांव की दसवीं कक्षा की छात्रा मानसी ने लॉकडाउन के दौरान घर बैठे पेंटिंग बनाना सीखा और आज अपनी कला से लोहा मनवा रही हैं। मानसी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गुलाबी पगड़ी वाली रियलिस्टिक पेंटिंग बनाकर रविवार को उन्हें भेंट की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेंटिंग को देखकर सराहना की और मानसी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

छात्रा मानसी ने बताया कि कोरोना के समय में जब लॉकडाउन लगा था तो घर में खाली बैठे-बैठे टाइम पास नहीं होता था। उसने पेंटिंग बनाने की शुरुआत की। पहले तो रंगों से आकृतियां बनाने में थोड़ी परेशानी हुई। क्योंकि किसी भी आकृति को हूबहू रूप देना इतना आसान नहीं होता। देवी-देवताओं, महापुरुषों की पेंटिंग वह बना चुकी है। खाटू श्याम बाबा, हनुमानजी, कृष्ण जी की पेंटिंग भी उसने बनाई है। भगवान शंकर की पेंटिंग पर अभी काम कर रही है। इससे पहले मानसी ने मुख्यमंत्री की गुलाबी पगड़ी वाली तस्वीर की शानदार पेंटिंग बनाकर तैयार की। कई दिन से वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पेंटिंग भेंट करने की सोच रही थी।गुरुग्राम होम डेवेपलर्स एसोएिशन की ओर से सेक्टर-57 में शहीदी दिवस समारोह में रविवार को पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मानसी ने वह पेंटिंग भेंट की। मानसी की पेंटिंग को देखकर हर किसी ने सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मुकेश वशिष्ठ, आयुर्वेदाचार्य डा. सुनील आर्य समेत अनेक लोगों ने मानसी द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना करते हुए आशीर्वाद भी दिया। पेंटिंग बनाने के अलावा क्ले मॉडलिंग में भी मानसी को महारत हासिल है। मिट्टी से देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी वह बना चुकी है। बेटी को आगे बढ़ाने में मीडिया संस्थान से जुड़े उनके पिता अशोक कुमार एवं मां सुनीता देवी का सदैव सहयोग रहा है। बेटियों को अच्छी शिक्षा देकर समाज में सशक्त बनाना ही उनकी सोच है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर