कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक होगा 11वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव

 


चंडीगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। हरियाण के कुरुक्षेत्र में 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस वर्ष पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी शनिवार को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की इस पावन भूमि पर सरस्वती के तटों पर वेदों, उपनिषदों और पुराणों की रचना हुई तथा इसी भूमि को श्रीमद्भगवद्गीता की जन्मस्थली होने का विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ। कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोहग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता का जो शाश्वत उपदेश दिया गया था, इस वर्ष उस उपदेश को दिए हुए 5164 वर्ष हो जाएंगे।

सैनी ने बताया कि महोत्सव का आगाज 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले से होगा। यह मेला 25 दिसंबर तक कुल 21 दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। पांच दिसंबर को गीता रन का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को मॉरीशस के राष्ट्रपति ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा। इसमें देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 20 विद्वान इस संगोष्ठी में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से 90 से अधिक देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा अन्य देशों में भी महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी तथा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा भी 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। इसी प्रकार 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतवर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों सहित 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य भजन संध्या एवं गीता महाआरती का आयोजन होगा। 10 दिसंबर से 20 दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने बताया कि गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन थीम पार्क में 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा एक लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 20 दिसंबर को गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गीता शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी।

इसके अलावा, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रह्मसरोवर पर 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रमुख प्रकाशक शामिल होंगे। पुरुषोत्तमपुरा बाग में 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र विशेष में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी शिल्पकला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न भाषाओं में गीता के संस्करणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से संबंधित हरियाणा पवेलियन भी बनाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटक एवं तीर्थयात्री प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके अलावा 22 दिसंबर को 'बलराम' कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी। 19 दिसंबर को ज्योतिसर में आयोजित होने वाले सेमिनार में 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। हरियाणा के सभी 143 खंडों में स्थित प्रमुख मंदिरों में एक दिवसीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 2 दिसंबर से 19 दिसंबर तक ज्योतिसर से गीता ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जो सभी 182 तीर्थों को कवर करेगी। ज्योतिसर तीर्थ पर प्रतिदिन आरती, लाइट एंड साउंड शो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के उत्सव के साथ-साथ दुनिया के साथ संवाद और संबंध मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उद्देश्य से 16 दिसंबर को ज्योतिसर में 'पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव' आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव में अफ्रीका महाद्वीप के प्रतिनिधियों, प्रदेश में काम कर रहे अनेक उद्योगपतियों, विश्व में काम कर रहे भारतीय उद्योगपतियों तथा इंडस्ट्री एसोसिएशनों सहित सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ अफ्रीका के देशों और हरियाणा के बीच व्यापार एवं सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा