भ्रष्टाचार में पकड़े गए अफसरों की संबंधित जिले में नहीं होगी दोबारा पोस्टिंग : नायब सैनी
चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े जाने वाले अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार में पकड़े गए अफसरों की जिलों में नो-एंट्री यानी उसी जिले या पद पर दोबारा पोस्टिंग नहीं मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त मामलों में सरकार बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई करती है। सरकार ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भर्तियां पारदर्शी और मेरिट आधारित पर होंगी। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वर्तमान डब्बल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं मेरिट आधारित बनाया गया है। आज योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भर्ती संबंधित प्रक्रिया पर लगने वाले समय पर कहा कि हरियाणा में कुछ ऐसे तत्व सक्रिय हैं, जो भर्ती रोको गैंग से जुड़े है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन सरकार किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा