जींद : वकील से मारपीट के विरोध में ग्रामीणों व किसानों ने दिया धरना

 


जींद, 25 सितंबर (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव हाट बिजली घर में अधिवक्ता के साथ मारपीट के विरोध शुक्रवार को ग्रामीणों और किसानों ने धरना जारी रखा। ग्रामीणों ने साफ चेताया कि जबतक बिजली कर्मियों की गिरफ्तारी नही होती धरना जारी रहेगा। शुक्रवार को सफीदों के डीएसपी गौरव शर्मा भी धरना में पहुंचे और गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। मांगें न माने जाने तक धरना जारी रखने की बात किसानों ने कही। वहीं बार एसोसिएशन ने किसानों की मांगों को लेकर दूसरे दिन भी वर्क सस्पेंड रखा।

गांव हाट बिजली सब स्टेशन पर शिकायत देने गए अधिवक्ता प्रवीण के साथ बिजली कर्मियों द्वारा की गई मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों तथा भाकियू का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। जिसकी अध्यक्षता किसान नेता सुरेश कोथ ने की। शुक्रवार को धरने पर सफीदों के पूर्व विधायक सुभाष देशवाल भी पहुंचे और उन्होंने बिगड़ते हालातों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने ग्रामीणों व भाकियू की मांगों का समर्थन किया। वहीं धरना दे रहे किसानों के बीच सफीदों के डीएसपी गौरव शर्मा पहुंचे और धरनारत लोगों से बातचीत की। ग्रामीणो की मांग पर एक कर्मचारी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जबकि तीन अन्य कर्मियों के मामले में जांच का आश्वासन भी दिया।

किसानों ने डीएसपी के सामने ग्रामीणों पर क्रॉस मामला दर्ज न करने को कहा। जिस पर धरनारत लोगों ने कहा कि जब तक गिरफ्तारी नही होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं किसानों तथा ग्रामीणों की मांगों के समर्थन में जींद, सफीदों नरवाना की बार एसोसिएशन ने दूसरे दिन भी वर्क सस्पेंड रखा।

अधिवक्ताओं के अदालत में पेश न होने के कारण पेशी पर आए लोगों को अगली तारीख दे दी गई। जिसके चलते लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। काबिलेगौर है कि गत 16 सितंबर रात को गांव हाट बिजली घर में अधिवक्ता प्रवीण के साथ मारपीट की गई थी। जिस पर पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक बिजलीकर्मी की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीण तथा भाकियू ने गांव हाट बिजली घर में धरना शुरू किया हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा