जींद : एलपीजी गैस टैंकर में आग लगने पर ट्रांसपोर्टर समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज

 


जींद, 22 नवंबर (हि.स.)। गांव बिशनपुरा के निकट गत 20 नवंबर को एलपीजी गैस कैप्सूल टैंकर में आग लगने के मामले में सदर थाना पुलिस ने एचपीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत पर कैप्सूल टैंकर के ट्रांसपोर्टर समेत दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु कालाबाजारी, धोखाधड़ी, लोगों की जान जोखिम में डालने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। एचपीसीएल के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक रोहित ब्रह्मदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 20 नवंबर को एचपी गैस प्लांट से कैप्सूल टैंकर सात टन एलपीजी लेकर भठिंडा के लिए रवाना हुआ था। चालक ने कैप्सूल टैंकर को गांव बिशनपुरा के निकट ढाबे से कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया था। जिसके बाद कैप्सूल टैंकर से एलपीजी गैस चोरी की कोशिश की गई ताकि एलपीजी गैस की कालाबाजारी कर उसे बेचा जा सके।

जिसके चलते कैप्सूल टैंकर में आग लग गई। जिस से आसपास इलाके तथा गैस कैप्सूल टैंकर में लगी आग को बुझाने में लगे अमले की जान को जोखिम मे डाल दिया। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया था। किसी प्रकार की कोई जनहानि नही हुई।

घटना से आसपास इलाके के लोगों के जीवन को खतरा पैदा हो गया। काबिलेगौर है कि गत 20 नवंबर मध्यरात्री को एलपीजी से भरे कैप्सूल टैंकर मे आग लग गई थी। जिसमें दर्जनभर गाडिय़ों ने लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना के दौरान कैप्सूल टैंकर के चालक तथा परिचालक फरार हो गए थे।

रविवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि पुलिस ने एचपीसीएल के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक रोहित ब्रह्मदेव की शिकायत पर कैप्सूल टैंकर के ट्रांसपोर्टर चंद्रप्रकाश अरोड़ा तथा एक अन्य के खिलाफ आवश्यक वस्तु कालाबाजारी, धोखाधड़ी, लोगों की जान जोखिम में डालने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा