हिसार की बालसमंद ब्रांच में बहा दिए मरे हुए मुर्गों से भरे कट्टे, जांच के आदेश
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जागे
अधिकारी
हिसार, 06 जून (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र
में घिराय-सुलखनी रोड पुल के पास स्थित बालसमंद ब्रांच नहर में मरे हुए मुर्गों से
भरे कट्टे बहा दिए गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चिंता
और आक्रोश का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक घंटे तक लगातार मरे
हुए मुर्गों से भरे कट्टे नहर में बहते हुए दिखाई दिए, जिससे जल प्रदूषण और जनस्वास्थ्य
को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बालसमंद ब्रांच नहर का
पानी विभिन्न क्षेत्रों में सिंचाई और अन्य कार्यों में उपयोग किया जाता है। ऐसे में
बड़ी संख्या में मरे हुए मुर्गों के पानी में बहने की घटना से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस मामले की गंभीरता से जांच नहीं की गई
तो इससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने शनिवार काे प्रशासन, पब्लिक हेल्थ विभाग
तथा सिंचाई विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करने, पानी के नमूने लेने
तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यह जानना
जरूरी है कि इतनी बड़ी संख्या में मरे हुए मुर्गे आखिर ब्रांच तक कैसे पहुंचे और इसके
लिए जिम्मेदार कौन है।
ग्रामीण संदीप बूरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन का
ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि घिराय-सुलखनी रोड पुल पर बालसमंद ब्रांच में मरे हुए
मुर्गों के कट्टे बहने का वीडियो सामने आया है। उनका दावा है कि लगातार कट्टे पानी
में डाले जा रहे थे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई
करने की मांग की।
वीडियो वायरल होने के बाद सिंचाई विभाग भी हरकत
में आ गया है। सिंचाई विभाग हिसार के कार्यकारी अभियंता कार्यालय द्वारा एसडीओ हिसार,
एसडीओ बरवाला तथा संबंधित जेई को पत्र जारी कर मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए
गए हैं। अधिकारियों को वीडियो में दिखाई गई घटना और बालसमंद ब्रांच से जुड़े तथ्यों
की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट जल्द कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर