रेवाड़ी में युवक की मौत पर परिजनों ने सर्कुलर रोड पर लगाया जाम

 


भाजपा नेता की गिरफ्तारी और एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग, डीएसपी ने समझाकर खुलवाया जाम

रेवाड़ी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी में युवक की मौत से नाराज परिजनों ने मंगलवार को अस्पताल के बाहर सर्कुलर रोड पर जाम लगा दिया। परिवार ने भाजपा नेता एवं ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन पंकज की गिरफ्तारी और रामपुरा थाना एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग की। परिजन बीच सड़क पर बैठ गए, जिससे सर्कुलर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।

मृतक के पिता ने भाजपा नेता पंकज पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने रामपुरा एसएचओ पर आरोपियों को बचाने और मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। परिवार का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, वे सड़क से नहीं उठेंगे।

मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी संजीव बल्हारा मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए समझाया-बुझाया। डीएसपी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद परिवार ने जाम खोल दिया।

डीएसपी ने बताया कि 30 सितंबर को दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था। इसमें गांव ढाणी सुंदरोज निवासी केशव शर्मा के सिर में चोट लगी थी। गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक रेफर किया गया था। इलाज के दौरान सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार परिवार ने तीन अन्य लोगों के नाम भी दिए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए सीआईए सहित दूसरे थानों की पुलिस टीमों को लगाया गया है। शुरुआती जांच में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

रामपुरा एसएचओ पर लगाए गए आरोपों पर डीएसपी ने कहा कि परिवार से लिखित शिकायत ली जा रही है। जांच में किसी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला