रेवाड़ी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 

रेवाड़ी, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के चांदनवास गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 33 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान विक्रांत के रूप में हुई है, जो अपने पिता का इकलौता बेटा था और तीन बच्चों का पिता भी था। बताया जा रहा है कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात विक्रांत ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद वह पशुबाड़े की ओर चला गया। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य पशुबाड़े में पहुंचे, तो वहां टीन शेड के सहारे विक्रांत का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण एसएफएल टीम के साथ किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। थाना प्रभारी विद्यासागर के अनुसार, सुबह चांदनवास गांव में हैंगिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला