रेवाड़ी के रास्ते रेलवे चलाएगा चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

 

रेवाड़ी, 18 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी पर अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार जोड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इनमें भिवानी-कुरुक्षेत्र एक तरफा स्पेशल ट्रेन के अलावा कुरुक्षेत्र-फुलेरा, हिसार-रींगस और दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी (जयपुर) के बीच ट्रेनें शामिल हैं। इन सभी रेलसेवाओं का रेवाड़ी सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधवार को बताया कि इन ट्रेनों का संचालन 18 से 22 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04743 भिवानी-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल 18 नवंबर को एक ट्रिप चलेगी। यह भिवानी से शाम 4:30 बजे रवाना होकर रात 10 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। रास्ते में कलानौर कलां, रोहतक और पानीपत में ठहराव करेगी। कुरुक्षेत्र-फुलेरा स्पेशल ट्रेन 18 से 22 नवंबर तक चार-चार ट्रिप चलेंगी। ट्रेन संख्या 04745 कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04746 सुबह 9:50 बजे रवाना होकर रात 8 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इसका रेवाड़ी, झज्जर, कुंड, अटेली, नारनौल, नीमकाथाना और रींगस सहित कई स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। हिसार-रींगस ट्रेन का संचालन भी 22 नवंबर तक बढ़ाया गया है। यह 19 से 22 नवंबर तक चार ट्रिप चलेगी। ट्रेन संख्या 04747 हिसार से सुबह 9:55 बजे और वापसी में 04748 रींगस से शाम 5:50 बजे रवाना होगी। इसका रेवाड़ी और नारनौल में भी ठहराव रहेगा। वहीं, दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी स्पेशल ट्रेन 18 से 21 नवंबर तक निर्धारित तिथियों में चलेगी। इसका रेवाड़ी, गुरुग्राम और नारनौल में ठहराव रहेगा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला