रेवाड़ी-नारनौल में बदला मौसम, बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
गरज-चमक और ठंडी हवाओं से मिली राहत, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित
रेवाड़ी, 23 जून (हि.स.)। रेवाड़ी और नारनौल में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन दोपहर करीब एक बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत मिली।
सुबह के समय सूर्य की तेज किरणों और बढ़ी हुई नमी के कारण वातावरण बेहद गर्म और चिपचिपा बना हुआ था। लोग घरों से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे थे। हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान बादलों से ढक गया। हल्की हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर में बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया।
करीब डेढ़ बजे के आसपास बादल इतने घने हो गए कि दिन में ही शाम जैसा दृश्य दिखाई देने लगा। कई स्थानों पर लोगों ने बताया कि वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो शाम के सात बज चुके हों। काले बादलों और तेज गर्जना ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। मौसम में आए बदलाव का सबसे अधिक असर तापमान और उमस पर देखने को मिला। बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों के चेहरों पर सुकून नजर आया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला