रेवाड़ी में कूड़ा निस्तारण विवाद एनजीटी मेें पहुंचा
गांधी जयंती पर नए जोहड़ के पास कूड़ा जलाने की शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग
रेवाड़ी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव खरखड़ा में कूड़ा निस्तारण का मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) तक पहुंचने के बावजूद खुले में कूड़ा डालने और जलाने के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार दाे अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन गांव में ग्राम सभा के दौरान नए जोहड़ के पास बड़ी मात्रा में कूड़े में आग लगा दी गई। इससे आसपास धुआं फैलने के साथ दुर्गंध और वायु प्रदूषण की स्थिति बनी। घटना की शिकायत वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने शनिवार को बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से घरों से डोर-टू-डोर एकत्र किया जाने वाला कूड़ा आईजी साउथ रेंज कार्यालय और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सड़क के पास बने नए जोहड़ के आसपास डाल दिया जाता है। इसके बाद कूड़े को जला दिया जाता है।
खरखड़ा निवासी कांता देवी की शिकायत पर खुले में कूड़ा डालने और उचित निस्तारण नहीं होने का मामला पहले ही एनजीटी पहुंच चुका है। आठ सितंबर को एनजीटी की प्रधान पीठ में मामले की सुनवाई हुई थी। ट्रिब्यूनल ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव, ग्राम पंचायत खरखड़ा के सरपंच और रेवाड़ी के जिला उपायुक्त को प्रतिवादी बनाया है। संबंधित पक्षों से अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले जवाब मांगा गया है। मामले की अगली सुनवाई दो दिसंबर को होगी।
शिकायत में यह भी आरोप है कि खुले में कूड़ा डालने के मामले में एचएसपीसीबी की ओर से बीडीपीओ धारूहेड़ा पर तीन बार जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार नए जोहड़ के आसपास भी कूड़ा डाला जा रहा है। अब संबंधित विभागों की जांच और कार्रवाई पर नजर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला