रेवाड़ी में कपड़ों व जूतों के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक

 


रेवाड़ी, 01 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी के मॉडल टाउन में रविवार सुबह एक कपड़ों व जूतों के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखा जूतों और कपड़ों का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन में शूबॉक्स कपड़ों व जूतों के शोरूम के पीछे ही अपना गोदाम भी बनाया हुआ था। रविवार को छुट्टी होने की वजह से गोदाम बंद था। रहागीरों ने गोदाम की पहली मंजिल से धुआं उठता देखा। आग की लपटे देख आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। उसके बाद शोरूम मालिक और दमकल विभाग को फोन कर सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस और दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों रूपये का जूतों और कपड़ों का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला