रेवाड़ीः युद्ध के बाद बदलेगा विश्व संतुलन, अमेरिका नहीं रहेगा थानेदारः राव इंद्रजीत सिंह

 


भारत हर स्थिति से निपटने को तैयार, वैश्विक बदलाव के संकेत

रेवाड़ी , 06 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को आयोजित ‘बस्ती चलो अभियान’ कार्यक्रम के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस संघर्ष के बाद विश्व व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां यह संकेत दे रही हैं कि आने वाले समय में दुनिया की ताकतों का संतुलन बदल सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, जो लंबे समय से वैश्विक स्तर पर ‘थानेदार’ की भूमिका निभाता रहा है, अब उसकी वह स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है। यह युद्ध विश्व राजनीति के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित प्रभाव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति संतुलित और मजबूत है, जिससे देश अपने हितों की रक्षा करने में सक्षम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ता है, लेकिन भारत ने हर परिस्थिति के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रखी है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश इन चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगा। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला